रायपुर, 1 नवंबर 2019। आमतौर पर ऐसा देखा जाता है कि जब किसी को कोई बड़ी चीज या यों कहें कोई अहम कामयाबी हासिल हो जाती है तो आदमी इस कदर सेलिब्रेशन के मूड में आ जाता है कि फिर दो-चार दिन उसका रुटीन गड़बड़ा जाता है। लेकिन, नए चीफ सिकरेट्री आरपी मंडल को प्रदेश के सबसे बड़े अफसर बनने से कोई फर्क नहीं पड़ा।
मंडल का नियमित मार्निग, वॉक योगा सब जारी रहा। वे आक्सीजोन में पत्नी के साथ वॉक पर जाते हैं। वहां से लौटकर घर में एक घंटे योगा और फिर आठ से नौ बजे तक वीआईपी रोड पर स्थित जिम में पसीना बहाते हैं। हालांकि, आक्सीजोन और जीम के लोगों को मीडिया की खबरों से पता था कि मंडल चीफ सिकरेट्री के प्रबल दावेदार हैं। लिहाजा, यह देखने के लिए आक्सीजोन और जीम में लोग टाईम पर पहुंच गए थे कि सीएस बनने के बाद मंडल आते हैं या नहीं….और आएंगे तो इसी बहाने उन्हें बधाई देने का मौका मिल जाएगा।
लोगों को आश्चर्य हुआ कि मंडल खुद कार चलाते आक्सीजोन पहुंच गए। वहां उन्होंने करीब घंटे भर पत्नी के साथ वॉक किया। हालांकि, आज उनका वॉक ढंग से नहीं हो पाया क्योंकि हर दूसरा आदमी बधाई देने के लिए उनके सामने आ जाता था। कुछ लोगों को पता चला कि सीएस वॉक कर रहे हैं तो बुके भी मंगवा लिया। इसके बाद मंडल घर गए। वहां से करीब आठ बजे स्कूटी पर जिम के लिए निकले।